Delhi Mundka Fire Incident LIVE: घटनास्थल पर पहुंचे CM केजरीवाल, मजिस्ट्रेट जांच के दिए आदेश
पश्चिमी दिल्ली के मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास शुक्रवार शाम एक कमर्शियल बिल्डिंग में आग लग गई थी. इस हादसे में 27 लोगों की जान चली गई, जबकि 29 लोग अभी भी लापता हैं. दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल घटनास्थल पर पहुंचे हैं. उन्होंने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं.
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, आग की सूचना शाम चार बजकर 45 मिनट पर मिली थी. इसके बाद दमकल की 30 गाड़ियां मौके पर भेजी गई थीं. करीब साढ़े पांच घंटे की मशक्कत के बाद रात करीब ग्यारह बजे आग पर काबू पा लिया गया. लेकिन तब तक दो दर्जन से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी थी. ऐसे में बड़ा सवाल ये है कि इन मौतों का कसूरवार कौन है?
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास घटनास्थल पर पहुंचे हैं, जहां कल शाम को एक इमारत में आग लग गई थी. उनके साथ डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया भी हैं. बताया जा रहा है कि सीएम केजरीवाल ने मृतकों 10-10 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की है. साथ ही मजिस्ट्रेट जांच के आदेश भी दे दिए हैं. फिलहाल मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. दुर्घटना में अभी तक 27 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 29 लोग लापता हैं.
कंपनी के मालिक के पिता की मौत
इस हादसे में कंपनी के मालिक वरुण और हरीश गोयल के पिता अमरनाथ की भी मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि जिस वक्त आग लगी, उस वक्त मोटिवेशनल स्पीच चल रही थी, अमरनाथ भी वहां मौजूद थे. वो आग में फंसे और निकल नहीं पाए. बाद में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई.
बिल्डिंग मालिक मनीष लाकड़ा फरार
जिस कंपनी/फैक्ट्री में आग लगी है उसके दोनों मालिकों को पुलिस गिराफ्तार कर चुकी है. वरुण गोयल और सतीश गोयल पर दिल्ली पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है. इस हादसे में कंपनी मालिक के पिता की भी मौत हो गई है. बिल्डिंग का मालिक एक और बिल्डिंग में चलने वाली कंपनी के मालिक 2 हैं. फिलहाल बिल्डिंग मालिक मनीष लाकड़ा फरार है.
मृतकों को दो लाख, घायलों को 50 हजार मुआवजा
दिल्ली के मुंडका में आग लगने की घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे.
CM केजरीवाल करेंगे दौरा
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज सुबह 9.30 बजे घटनास्थल पर पहुंचेंगे. इससे पहले दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा था, इस दुखद घटना के बारे में जानकर स्तब्ध और आहत हूं. भगवान सब का भला करे.

Comments
Post a Comment